प्रतापगढ़/बाबागंज।बाबागंज ब्लॉक के प्राथमिक शिक्षक संघ में चल रही अंदरूनी खींचतान उस समय खुलकर सामने आ गई, जब एक ही सेवानिवृत्त शिक्षक के लिए अलग-अलग स्थानों पर दो बार विदाई समारोह आयोजित किया गया। यह घटनाक्रम न सिर्फ शिक्षकों के बीच गुटबाजी को उजागर करता है, बल्कि वरिष्ठ शिक्षकों के सम्मान को लेकर उठे सवालों को भी सामने लाता है।
बाबागंज ब्लॉक में प्राथमिक शिक्षक संघ की आंतरिक कलह अब सार्वजनिक रूप से चर्चा का विषय बन चुकी है। बीते सोमवार को बहोरिकपुर स्थित बीआरसी केंद्र पर ब्लॉक के करीब आधा दर्जन सेवानिवृत्त शिक्षकों का संयुक्त विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया था।
इस कार्यक्रम के दौरान ही शिक्षकों के बीच गुटबाजी साफ नजर आई थी। आयोजन में एक गुट ने अपना बैनर लगाया था तो दूसरे गुट ने उसके समानांतर अपना बैनर भी आयोजन में लगा दिया था।पूरे आयोजन में आपसी तालमेल की कमी और वर्चस्व की होड़ खुलकर दिखाई दी थी।
कार्यक्रम को लेकर यह भी चर्चा रही कि कुछ वरिष्ठ शिक्षकों को अपेक्षित सम्मान नहीं दिया गया था।आरोप लगे कि स्वयं को नेता के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रहे कुछ जूनियर शिक्षकों द्वारा वरिष्ठों की उपेक्षा की गई, जिससे कई सीनियर शिक्षक आहत और नाराज हो गए थे।कार्यक्रम के समापन के बाद स्थिति विवादपूर्ण हो गई थी। कार्यक्रम के आयोजकों और जूनियर शिक्षकों की उपेक्षा से नाराज शिक्षकों ने सेवानिवृत्त हो चुके शिक्षक ओमप्रकाश मिश्र का पुनः विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया। इसके तहत गुरुवार को उनके पूर्व कार्यस्थल प्राथमिक विद्यालय गिस्था में एक अलग और गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का संचालन प्रभाकर पांडेय द्वारा किया गया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष पति कुलदीप पटेल तथा मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) आशीष मिश्रा मौजूद रहे।
इस दौरान वक्ताओं ने ओमप्रकाश मिश्र के शिक्षण कार्य, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें अंगवस्त्रम, गीता एवं शिव पुराण देकर उनको भावभीनी विदाई दी। शिक्षकों ने ओमप्रकाश के कार्यकाल की चर्चा करते हुए उनको एक विद्वान शिक्षक के साथ जीवट व्यक्ति बताया।आयोजन में शिक्षकों ने यह भी संदेश देने का प्रयास किया कि वरिष्ठ शिक्षकों का सम्मान सर्वोपरि है और किसी भी परिस्थिति में इसकी अनदेखी नहीं होनी चाहिए। इस मौके पर अरुण कुमार द्विवेदी, सुरेंद्र कुमार पांडेय, राजेश पांडेय, उमाकान्त द्विवेदी, अरविंद यादव, रमेशचन्द्र यादव, पंकज सिंह, आकाश सिंह, अंजनी सिंह, कमलेश कुमार गौतम, आलोक तिवारी, अतीक अहमद सहित कई सारे शिक्षक, प्रधानपति दशरथ पटेल सहित कई सारे अभिभावक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
.jpg)