बीसलपुर। ब्लॉक बरखेड़ा के ग्राम विक्रमपुर स्थित गौशाला की हालत लगातार खराब होती जा रही है। ग्राम प्रधान मोहम्मद फारुख के निलंबन के बाद गौशाला का संचालन ग्राम पंचायत सचिव कमल किशोर के अधीन है, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्थाओं में कोई खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा है।
गौशाला में गायों के लिए न तो हरे चारे की समुचित व्यवस्था है और न ही सूखे भूसे का पर्याप्त प्रबंध किया गया है। कई पशु भूख के कारण कमजोर होते जा रहे हैं, जबकि एक गाय की हालत गंभीर बताई जा रही है। पशुओं के लिए स्वच्छ पानी और साफ-सफाई की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिससे स्थिति और चिंताजनक हो गई है।स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि गौशाला में गायों के साथ-साथ बकरी और मुर्गियां भी रखी जा रही हैं, जिससे व्यवस्थाएं पूरी तरह अव्यवस्थित हो गई हैं। साफ-सफाई के अभाव में पशुओं के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।
मौके पर पहुंचे हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने गौशाला की दुर्दशा पर नाराजगी जताई। युवा जिलाध्यक्ष (गौसेवक) गौरव शर्मा और नगर अध्यक्ष गंगा प्रसाद ने कहा कि पशुओं की देखभाल में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।स्थानीय लोगों ने ग्राम पंचायत सचिव पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए प्रशासन से जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो गौशाला में पशुओं की स्थिति और भी खराब हो सकती है।
