जयसिंहपुर/सुल्तानपुर ।कोतवाली क्षेत्र के बहरी गांव के बाहर तालाब के पास झाड़ियों में बुधवार सुबह मिले अज्ञात युवती के शव की शिनाख्त हो गई है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने वायरल फोटो के आधार पर मृतका की पहचान कर कोतवाली पहुंचकर नामजद तहरीर दी है। बुधवार सुबह शौच व खेतों की ओर निकले ग्रामीणों ने तालाब के पास झाड़ियों में शव देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर कोतवाल प्रमोद कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दिया जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक चारु निगम और क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण चतुर्वेदी फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस द्वारा शव की पहचान के लिए फोटो वायरल की गई थी। इसके बाद मृतका की पहचान अंबेडकर नगर जिले के महरुआ थाना क्षेत्र स्थित महरुआ चैक निवासी सीता पुत्री स्व. मुरली के रूप में हुई। मृतका के भाई सूरज ने कोतवाली में पहुंचकर तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी बड़ी बहन की शादी अमोहे निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र राम समझावन के साथ हुई है जितेंद्र के छोटे भाई गोलू से मृतका का संबंध था और वह गोलू से शादी करना चाहती थी। मंगलवार शाम करीब 8 बजे मृतका महरुआ से बिना परिजन को बताए वह घर से निकली थी, आरोप है कि गोलू ने सीता को बुलाकर उसकी हत्या करके लाश को झाड़ियों में फेक दिया ।
कोतवाल प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
