सिकंद्राराऊ । पुरदिलनगर कस्बे के बरी के नगला रोड स्थित भारत गैस एजेंसी के समीप मंगलवार को गेहूं के खेत में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में तीन किसानों की करीब 22 बीघा खड़ी फसल जलकर राख हो गई, जबकि 2 बीघा खाली खेत भी आग की तपिश की चपेट में आया। सूचना पर पहुँची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मिली जानकारी के अनुसार, बरी के नगला रोड पर स्थित खेतों में दोपहर के समय अचानक आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, तेज हवा के कारण आग ने भारत गैस एजेंसी के पास स्थित खेतों को घेर लिया। आग का विकराल रूप देखकर मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
