सुलतानपुर। मुख्य विकास अधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर विशेष संचारी रोग नियंत्रण माह और दस्तक अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नोडल अधिकारी वी.बी.डी., जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और जनमानस को संचारी रोग नियंत्रण की शपथ दिलाई गई। इसके बाद जनजागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की सीडीपीओ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी, सफाई कर्मचारियों, शहरी क्षेत्र की आशा बहनों, वी.बी.डी. नियंत्रण कार्यक्रम के अधिकारियों तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की।रैली के दौरान मच्छरों के घनत्व को कम करने वाली फॉगिंग मशीन और लार्वारोधी रसायन छिड़काव के लिए इस्तेमाल होने वाले नैपसैक पंप का प्रदर्शन भी किया गया।
इस दौरान जनपद की समस्त आशा कार्यकर्ताएं 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक हर घर का भ्रमण कर लोगों को संचारी रोगों (खासकर दिमागी बुखार) से बचाव, लक्षणों, उपचार और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जागरूक करेंगी।मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस अभियान के माध्यम से जनपद में दिमागी बुखार सहित अन्य संचारी रोगों की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के अलावा नगर विकास, पंचायती राजध्ग्राम विकास, पशु पालन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, समाज कल्याण और सूचना विभाग समेत सभी संबंधित विभाग एकजुट होकर इस मुहिम में भाग लेंगे।सीडीओ ने जोर देते हुए कहा कि आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं घर-घर जाकर साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, जलभराव रोकने और मच्छरों से बचाव के उपायों के बारे में जनता को जागरूक करेंगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा से पालन करें, ताकि यह अभियान जनपद सुलतानपुर में पूर्ण रूप से सफल हो सके।यह अभियान जनपदवासियों को संचारी रोगों से मुक्ति दिलाने और स्वस्थ वातावरण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
