Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

अमेरिकी राष्ट्रपति की डिनर पार्टी में हुई गोलीबारी पर पीएम मोदी का रिएक्शन! ट्रंप सुरक्षित हैं, जानकर राहत मिली


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की डिनर पार्टी में हुई गोलीबारी पर पीएम मोदी ने एक्स पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पहले अमेरिकी राष्ट्रपति के सुरक्षित होने पर खुशी जाहिर की और बाद में हमले की निंदा की है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "यह जानकर राहत मिली कि वाशिंगटन डीसी के एक होटल में हाल ही में हुई सुरक्षा घटना के बाद प्रेसिडेंट ट्रंप, फर्स्ट लेडी और वाइस प्रेसिडेंट सुरक्षित हैं और उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ है। मैं उनकी सुरक्षा और भलाई के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं। लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है और इसकी पूरी तरह से निंदा की जानी चाहिए।"

अमेरिकी राष्ट्रपति के निवास 'व्हाइट हाउस' में शनिवार रात को संवाददाताओं के रात्रिभोज के दौरान हुई गोलीबारी की घटना के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि संदिग्ध के पास कई घातक हथियार थे। अधिकारियों ने बताया कि हमलावर की पहचान कैलिफोर्निया के टोरेंस निवासी 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है, जिसे सीक्रेट सर्विस ने पकड़ लिया है। अमेरिकी अटॉर्नी ने कहा कि संदिग्ध पर हथियार रखने और हमले के आरोप लगाए गए हैं।

घटना के बाद ट्रंप ने 'व्हाइट हाउस' में संवाददाताओं को संबोधित किया और बताया कि संदिग्ध के पास कई हथियार थे। उसे सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने पकड़ लिया। घटना में एक अधिकारी को गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण उनकी जान बच गई। उन्होंने बताया, ''सीक्रेट सर्विस के अधिकारी को बहुत करीब से एक घातक हथियार से निशाना बनाया गया था। उन्हें गोली लगी लेकिन जैकेट ने अपना काम कर दिया।'' अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक वीडियो भी जारी किया है जिसमें संदिग्ध को सुरक्षा अवरोधक के पास भागते हुए और सीक्रेट सर्विस के एजेंट को उसकी ओर दौड़ते हुए देखा जा सकता है। 'व्हाइट हाउस' में शनिवार रात को संवाददाताओं के वार्षिक रात्रिभोज के दौरान हुई गोलीबारी की घटना में ट्रंप बाल-बाल बच गए। घटना के बाद ट्रंप और अमेरिका के अन्य शीर्ष नेताओं को वहां से सुरक्षित निकाल लिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, यह घटना उस बॉलरूम के बाहर हुई जहां ट्रंप और अन्य अतिथि मौजूद थे। हालांकि, घटना के सटीक कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका। कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है और इसे बाद में आयोजित किया जाएगा। 'व्हाइट हाउस' संवददाताओं के संघ के अध्यक्ष वेइजिया जियांग ने कहा, ''हम इसे फिर से आयोजित करेंगे।'' कार्यक्रम में उपस्थित लोगों में ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ-साथ ट्रंप प्रशासन के कई अन्य नेता भी शामिल थे। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि एक बंदूकधारी ने गोलीबारी शुरू कर दी। एक अधिकारी ने बताया कि बुलेटप्रूफ जैकेट पहने एक पुलिस अधिकारी को गोली लगी, लेकिन आशा है कि वह ठीक हैं। संघीय जांच ब्यूरो ने कहा कि एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है, लेकिन उन्होंने कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी। वाशिंगटन डीसी के अंतरिम पुलिस प्रमुख कैरोल ने कहा है कि गोलीबारी का संदिग्ध एक होटल में ठहरा हुआ था। वाशिंगटन डीसी की मेयर ने कहा कि फिलहाल आम लोगों को कोई खतरा नहीं है।

रात्रिभोज के दौरान गोलीबारी की घटना से मची अफरातफरी के बीच सीक्रेट सर्विस और अन्य अधिकारी वाशिंगटन हिल्टन के बैंक्वेट हॉल में पहुंच गए। वहां मौजूद सैकड़ों मेहमान जान बचाने के लिए मेजों के नीचे छिप गए। जैसे ही लोगों को स्थिति का एहसास हुआ, बॉलरूम में दहशत फैल गई। सैकड़ों पत्रकार सूचनाएं साझा करने के लिए फोन पर जुट गए। किसी को चिल्लाते हुए सुना गया "हट जाइए, सर!" जबकि कुछ लोग निर्देश दे रहे थे कि "झुक जाइए।'' एक कोने से "गॉड ब्लेस अमेरिका" की आवाजें भी सुनाई दीं। इसी बीच ट्रंप को मंच से सुरक्षित बाहर ले जाया गया। इस दौरान वह क्षण भर के लिए संभवतः ठोकर लगने से लड़खड़ाए और सीक्रेट सर्विस एजेंटों ने उन्हें तुरंत संभाल लिया। होटल के बाहर नेशनल गार्ड के सदस्य और अन्य अधिकारी इलाके में पहुंच गए जबकि हेलीकॉप्टर ऊपर चक्कर लगा रहे थे। प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष माइक जॉनसन ने कहा कि वह और उनकी पत्नी केली दोनों इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा, ''आज रात वे अपने देश के लिए प्रार्थना कर रहे हैं''। प्रतिनिधि सभा के डेमोक्रेटिक नेता एवं न्यूयॉर्क के सांसद हकीम जेफ्रीज ने कहा, ''अमेरिका में हिंसा और अराजकता का अंत होना चाहिए।''

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |