पीलीभीत। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने शहर के वार्ड संख्या 7 में बाबूराम शर्मा के मकान से माधोटांडा रोड तक बनी नई सीसी सड़क का विधिवत लोकार्पण किया। लंबे समय से जर्जर पड़ी इस सड़क को लेकर स्थानीय नागरिकों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद नगर पालिका ने इसे प्राथमिकता में शामिल करते हुए निर्माण कार्य पूरा कराया।
बताया गया कि खराब सड़क के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। खासकर बरसात के मौसम में जलभराव और कीचड़ के चलते स्थिति और भी बदतर हो जाती थी। अब सीसी सड़क बनने से आवागमन सुगम हो गया है और जलभराव की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
लोकार्पण के दौरान डॉ. आस्था अग्रवाल ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में विकास कार्य कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की जिम्मेदारी है और इस दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर सभासद सुनीता सिंह, निर्मल सिंह ‘टीटू’, राजेन्द्र भारती, अबसार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने सड़क निर्माण कार्य के लिए नगर पालिका का आभार जताते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक अहम कदम बताया।
