Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

मौसम विभाग ने दी गुड न्यूज! दिल्ली समेत कई राज्यों में अगले 3 दिन तक होगी बारिश


देश के अधिकतर राज्यों में आसमान से आग बरस रही है। पूरा उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। ऐसे में सोमवार रात से मौसम में थोड़ा बदलाव आया है। मौसम विभाग ने दिल्ली समेत कई राज्यों के लिए गुड न्यूज दी है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों के लिए अगले तीन दिन तक धूल भरी आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में सोमवार रात को धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने मंगलवार से गुरुवार तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में भीषण गर्मी पड़ रही है, तापमान 42. 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बारिश होने के बाद तापमान में थोड़ी गिरावट आने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए न्यूनतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है। गरज-चमक और बारिश से भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार से 30 अप्रैल (गुरुवार) तक धूल भरी आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना है, जिसके लिए 29 अप्रैल के लिए विशेष रूप से येलो अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तेज गर्मी और लू का असर बना हुआ है। कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी दी है। साथ ही कुछ इलाकों में अगले 1–2 दिनों में तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

स्काईमेट के महेश पलावत ने बताया, 'मध्य पाकिस्तान, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। यह वर्तमान में मजबूत है और उत्तर-पूर्वी भारत की ओर बढ़ रहा है। राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में आज रात बारिश हो सकती है और इसके मंगलवार को दिल्ली पहुंचने और 30 अप्रैल तक सक्रिय रहने की संभावना है।'

उन्होंने कहा कि राजस्थान से आगे बढ़ते हुए परिसंचरण के कारण तेज हवाएं चलने की आशंका है, जिससे धूल भरी आंधी के साथ-साथ मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जिन्हें मानसून पूर्व की बारिश के रूप में वर्गीकृत किया जा सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में पूरे सप्ताह बारिश होने का अनुमान है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जिससे स्थानीय स्तर पर जलभराव और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। इसके अलावा पूर्वी भारत में अगले एक सप्ताह के दौरान आंधी-तूफान की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। उत्तर-पश्चिम भारत में 28 अप्रैल से 2 मई के बीच तथा मध्य भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में 27 अप्रैल से 1 मई के दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान चलने की संभावना जताई गई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |