आलमबाग। कृष्णानगर पुलिस ने गुरुवार देर रात थाना क्षेत्र मे हुई मुठभेड़ में एक 25 हजार रुपये के इनामी शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका दूसरा इनामी साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी को इलाज के नजदीकी लोकबंधु अस्पताल मे उपचार के लिये भेजा।कृष्णानगर कोतवाली प्रभारी पी.के. सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपनी पहचान विपिन पुत्र गंगाराम, निवासी तेहरा रंजीतखेड़ा, ग्राम हरदी, थाना मौरावां, जनपद उन्नाव के रूप में बताई है। वहीं उसके फरार साथी की पहचान कुलदीप यादव पुत्र रमेश यादव, निवासी मलहौर, चिनहट के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र में फरवरी माह के दौरान चोरी की तीन बड़ी घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था। करीब 500 सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के गहन विश्लेषण के बाद तीन आरोपियों की पहचान की गई थी। इनमें से एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि विपिन और कुलदीप लंबे समय से फरार चल रहे थे।
गुरुवार देर रात डूडा कॉलोनी, मानसनगर रोड स्थित आशाराम बापू आश्रम के पास चार्ली कंट्रोल और लैपर्ड-5 टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा। भागते समय वह लड़खड़ा कर गिर पड़ा और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी विपिन के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया, जबकि उसका साथी कुलदीप यादव मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पीली धातु की दो चेन, तीन अंगूठियां तथा एक पल्सर बाइक संख्या यूपी 32 एमसी 833 बरामद की है। पुलिस के मुताबिक विपिन एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ राजधानी के विभिन्न थानों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 20 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ अलीगंज, आशियाना, पारा, गुडम्बा, मड़ियांव और कृष्णानगर थानों में कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वह हाल ही में कृष्णानगर और पीजीआई थाना क्षेत्र में दर्ज कई चोरी के मामलों में भी वांछित चल रहा था। पुलिस फरार आरोपी कुलदीप यादव की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। वहीं घायल आरोपी विपिन के खिलाफ तमंचा और कारतूस बरामदगी के आधार पर आर्म्स एक्ट तथा बाइक के संबंध में एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है।
.jpg)