Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

मणिपुर में बीएसएफ जवान की मौत के बाद सुरक्षा बलों ने की बड़ी कार्रवाई! 21 बंकर तबाह, 13 IED जब्त


मणिपुर में सुरक्षा बलों ने शनिवार (11 अप्रैल, 2026) को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. सुरक्षा बलों ने राज्य के उखरुल जिले में बने 21 बंकरों को तबाह कर दिया है. साथ ही, सुरक्षा बलों ने तेंगनौपाल जिले से 13 इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) भी जब्त किए हैं.

एक अधिकारिक बयान में कहा गया कि शनिवार (11 अप्रैल, 2026) को सिकिबुंग गांव में 14 और मोंगकोट चेपू में बने सात बंकर नष्ट कर दिए गए, जो दोनों लितान पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आते हैं. विभागीय बयान में आगे कहा गया कि ये सभी बंकर सशस्त्र उपद्रवियों की ओर से अवैध रूप से बनाए गए थे. एक अन्य अभियान में, सुरक्षा बलों ने शनिवार (11 अप्रैल, 2026) को तेंगनौपाल जिले के मोरेह क्षेत्र से भी हथियारों और गोला-बारूद का एक जखीरा भी बरामद किया है.

रिपोर्ट के मुताबिक, हाल ही में पश्चिम बंगाल के रहने वाले एक बीएसएफ कांस्टेबल की मौत हो गई. यह घटना तब घटी जब जवान मोंगकोट चेपू गांव के पास ड्यूटी कर रहा था और इसी दौरान अज्ञात दिशा से चली गोली बीएसएफ कांस्टेबल को लग गई और कांस्टेबल की मौत हो गई. बयान में कहा गया कि सुरक्षा बलों के अभियान के दौरान 9 मिमी पिस्तौल मैगजीन के साथ दो कॉम्बैट यूनिफॉर्म और 13 IED बरामद किए गए और उन सभी को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया.

जबकि एक अलग घटना में 7 अप्रैल, 2026) को मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के त्रोंग्लाओबी में संदिग्ध उग्रवादियों की तरफ से एक घर पर बम फेंके जाने से पांच साल के एक बच्चे और उसकी छह महीने की बहन की मौत हो गई. घटना के तुरंत बाद करीब 500 प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने त्रोंग्लाओबी से कुछ सौ मीटर दूर गेलमोल के पास एक CRPF कैंप पर धावा बोल दिया और तोड़फोड़ के साथ-साथ सुरक्षा वाहनों में आगजनी की. इसके बाद सुरक्षा बलों की ओर से की गई फायरिंग में तीन प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हुए.

त्रोंग्लाओबी घटना के बाद चलाए गए ऑपरेशनों में पुलिस ने यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी के तीन संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार किया है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है कि गिरफ्तार लोग सीधे तौर पर विस्फोट से जुड़े थे या नहीं.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |