Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

आसमान से बरसेगी आग! अगले हफ्ते तक 40 डिग्री पहुंच सकता है तापमान


देश की राजधानी दिल्ली में गर्मी का प्रकोप अप्रैल महीने से ही दिखने लगा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का अनुमान है कि अगले हफ्ते बुधवार (15 अप्रैल, 2026) तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इसके साथ ही मौसम विभाग ने कई राज्यों में हीटवेव का भी अलर्ट जारी किया है. IMD ने कहा कि दिल्ली में हाल ही में हुई हल्की बारिश के बाद तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी देखी गई है. शनिवार (11 अप्रैल, 2026) को भी शहर में दिन भर तेज धूप खिली रही और अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

हालांकि, यह तापमान अभी सामान्य से 1.4 डिग्री कम है, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. IMD ने कहा कि शुक्रवार (17 अप्रैल) तक तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक भी पहुंच सकता है.

पिछले हफ्ते की शुरुआत में दिल्ली में अप्रैल का दशक का सबसे कम अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. इसके बाद से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जो गर्मी के मौसम की शुरुआत का संकेत है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान में 6–7 डिग्री की वृद्धि हो सकती है, जिससे यह सामान्य से नीचे से बढ़कर सामान्य से ऊपर पहुंच जाएगा. वहीं, न्यूनतम तापमान, जो फिलहाल 18.6 डिग्री सेल्सियस है और औसत से कम है, उसमें भी धीरे-धीरे वृद्धि होने की उम्मीद है. गुरुवार (16 अप्रैल) तक यह 23-25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

एक्सपर्ट्स का मानना है कि तापमान में यह बढ़ोतरी साफ आसमान और मौसम में किसी भी तरह की बाधा न होने के कारण हो रही है. स्काइमेट वेदर के महेश पलावत ने कहा, ‘आने वाले दिनों में शुष्क हवाएं चलेंगी, क्योंकि उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं का असर कम हो रहा है. लगातार तेज धूप, बिना बादलों और बिना बारिश के कारण तापमान बढ़ना तय है.’ उन्होंने कहा कि अगर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाकर सामान्य से काफी ज्यादा हो जाता है, तो हीटवेव जैसी भी स्थिति बन सकती है.

मौसम वैज्ञानिक नवदीप दहिया ने चेतावनी दी कि जैसे-जैसे बारिश कम हो रही है, इस हफ्ते के अंत से तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा. अगले सप्ताह के मध्य से अंत तक कई शहरों में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है. दिल्ली और हरियाणा में 17 या 18 अप्रैल तक इस सीजन का पहला 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हो सकता है.

उन्होंने कहा कि मध्य और प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति देखने को मिल सकती है. शनिवार (11 अप्रैल) को हवा की गुणवत्ता मोडरेट कैटेगरी में रही और आने वाले दिनों में इसके मोडरेट से खराब श्रेणी के बीच रहने की संभावना है.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |