Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बलियाः “हर बच्चा स्कूल में”कृबलिया में ‘स्कूल चलो अभियान 2026-27’ की दमदार शुरुआत! 15 अप्रैल तक चलेगा पहला चरण, 6-14 वर्ष के बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य


बलिया। जनपद में शिक्षा के प्रति जागरूकता और नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से ‘स्कूल चलो अभियान 2026-27’ का आगाज उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। तहसीली स्कूल, बलिया परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने शिक्षा को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया और यह संकल्प दोहराया कि कोई भी बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे।

समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत जनपद में ‘स्कूल चलो अभियान 2026-27’ का प्रथम चरण 01 अप्रैल से 15 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा। इसका शुभारंभ बुधवार को तहसीली स्कूल, बलिया के प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं परिषदीय विद्यालय के बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना से हुई। इस दौरान जिलाधिकारी ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट नामांकन करने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही सर्वोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में मंडल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्रा अंशिका कुमारी को भी सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने शत-प्रतिशत नामांकन के लिए जनसहयोग की अपील की और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संदेश ‘योगी की पाती’ को पढ़कर सुनाते हुए बच्चों को प्रेरित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिक वर्ग के ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें विद्यालयों से जोड़ा जाए, जो अब तक शिक्षा से दूर हैं।

मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि जनपद में सभी पात्र बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी माधवेंद्र पांडेय सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अरविंद सिंह ने किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |