सोनभद्र। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ0 बबीता सिंह चौहान व महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने आज सर्किट हाउस सभागार में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
अध्यक्ष ने महिला उत्पीड़न से सम्बन्धित प्राप्त मामलों की सुनवाई भी की। उन्होंने पुलिस विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से जुड़ी शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
इसके उपरांत उन्होंने जनपद के अधिकारियों के साथ महिला कल्याण से संबंधित संचालित विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने कन्या सुमंगला योजना, महिला हेल्पलाइन 181 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, सी0ओ0 चारू द्विवेदी, प्रोबेशन अधिकारी इन्द्रावती, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह, दुद्धि महिला थाना प्रभारी निरीक्षक संतु सरोज, दीपिका सिंह, राजेश कुमार सहित सम्बन्धित अधिकारीगण जन प्रतिनिधिगण उपस्थित रहें।
