लखनऊः नगर निगम का अतिक्रमण के खिलाफ सघन अभियान, कई स्थानों से ठेले-गुमटी हटाए, सामान जब्त
March 13, 2026
लखनऊ। शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और उससे उत्पन्न हो रहे यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों में सघन और बहुस्तरीय अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर की गई। अभियान का उद्देश्य प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना है।नगर निगम की टीमों ने अलग-अलग जोनों में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लगाए गए ठेले, गुमटी, काउंटर और अन्य अस्थायी ढांचों को हटाया तथा कई सामान जब्त किए। अधिकारियों ने अतिक्रमण करने वालों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी भी दी।नगर निगम के जोन-5 क्षेत्र में जोनल अधिकारी विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में चारबाग के केसी से नथ्था चैराहे तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क और फुटपाथों पर लगाए गए अस्थायी अतिक्रमण जैसे ठेले, ठेलिया, खुमचा, गुमटी और काउंटर हटाए गए। अभियान में कुल 8 ठेले, 2 गुमटी और 5 काउंटर हटाए गए, जबकि 4 लकड़ी की बेंच, 1 लोहे की बेंच और 1 ठेला जब्त किया गया। इसके साथ ही गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1000 रुपये का शमन शुल्क भी वसूला गया। इस अभियान में कर अधीक्षक सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक पियूष तिवारी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सुभाष चैधरी, प्रवर्तन दल (296) और पुलिस बल मौजूद रहे।इसी क्रम में नगर निगम के जोन-7 क्षेत्र में भी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में शालीमार चैराहे से सेक्टर-22 चैराहे तक नालियों, नालों और सड़कों की दोनों पट्टियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इस कार्रवाई के दौरान 2 लोहे के काउंटर, 1 ठेलिया, 2 तराजू, 2 प्लास्टिक की टेबल और 2 कुर्सियां जब्त की गईं। अभियान में कर अधीक्षक विनय मौर्या, ईटीएफ टीम और प्रवर्तन दल (296) के सदस्य उपस्थित रहे।इसके अलावा नगर निगम के जोन-8 क्षेत्र में भी अवैध अस्थायी अतिक्रमण, होर्डिंग, बैनर और पोस्टरों के खिलाफ वृहद अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी विकास सिंह के नेतृत्व में वृंदावन सेक्टर-8 अंडरपास से वृंदावन गेट तक सड़क किनारे लगाए गए ठेले और खोपचों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान 1 ठेला, 1 गैस सिलेंडर, 2 हैंडल, 1 तराजू और 2 लकड़ी की बेंच जब्त की गईं। अतिक्रमणकारियों को भविष्य में इस स्थान पर दोबारा अतिक्रमण न करने के निर्देश भी दिए गए।
