सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में एवं अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के नेतृत्व में, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के साथ संयुक्त रूप से सड़क पर अनुशासन बनाए रखने एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान ट्रकों एवं उनके केबिन के बाहर अवैध रूप से लगाए गए हूटर/लाउडस्पीकर के माध्यम से तेज आवाज में अशोभनीय/भद्दे गीत बजाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की गई। इस दौरान कुल 130 हूटर/लाउडस्पीकर को हटवाकर उनका विनष्टीकरण कराया गया।पुलिस द्वारा स्पष्ट रूप से बताया गया कि इस प्रकार के उपकरण न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि सड़क पर अन्य वाहन चालकों का ध्यान भंग कर दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं।अभियान के माध्यम से ट्रक मालिकों एवं चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि वे अपने वाहनों में हूटर/लाउडस्पीकर का प्रयोग न करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं अनुशासित ड्राइविंग करें।
