दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता का निर्मल छाया कॉम्प्लेक्स दौरा, जुवेनाइल जस्टिस पोर्टल किया लॉन्च
March 18, 2026
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने निर्मल छाया कॉम्प्लेक्स का दौरा कर महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण एवं कल्याण के लिए चल रही विभिन्न पहलों का अवलोकन किया। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने महिला हाट, समर्थ आंगनवाड़ी और संकल्प हब में कार्यरत महिलाओं से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने उनकी मेहनत, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके कार्य को अत्यंत प्रेरणादायक बताया।
मुख्यमंत्री ने परिसर में बच्चों से भी बातचीत की और उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें स्कूल बैग तथा आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की। साथ ही माताओं को बेहतर स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य किट भी प्रदान की गईं।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान को भी इस दौरान सराहा गया। सीएम ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की समर्पित सेवा और योगदान को सम्मान देते हुए उन्हें प्रोत्साहन राशि प्रदान की। सीएम ने कहा कि जमीनी स्तर पर उनकी भूमिका बेहद अहम है, जिससे समाज के कमजोर वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचता है।
इस अवसर पर सीएम रेखा गुप्ता ने जुवेनाइल जस्टिस मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन पोर्टल का भी शुभारंभ किया, जिसका उद्देश्य बाल कल्याण प्रणाली को सुदृढ़ करना तथा बाल संरक्षण सेवाओं के क्रियान्वयन में अधिक पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित करना है।
