आगरा । पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश के मंत्री व जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में सोमवार को पुराने सर्किट हाउस प्रांगण में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरण, सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान योजना के तहत लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए।
इस अवसर पर लखनऊ स्थित लोक भवन से योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने ध्यानपूर्वक देखा और सुना।
कार्यक्रम के दौरान जनपद की 523 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र तथा 527 नव नियुक्त कार्यकत्रियों एवं मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरित किए गए। लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिले नजर आए।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अब प्री-प्राइमरी शिक्षा आंगनवाड़ी केंद्रों से संचालित होगी। उन्होंने कार्यकत्रियों को “यशोदा मैया” की भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि मां और नवजात की सुरक्षा ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। कुपोषण, एनीमिया और बीमारियों के खिलाफ संघर्ष को उन्होंने सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। साथ ही जनपद द्वारा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने और प्रदेश के टॉप-10 जिलों में शामिल होने पर विभिन्न बैंकों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त ओडीओपी योजना के अंतर्गत टूल किट वितरण तथा उत्कृष्ट महिला उद्यमियों को भी सम्मानित किया गया। प्रभारी मंत्री ने लाभार्थियों द्वारा लगाए गए उत्पाद स्टॉलों का निरीक्षण कर उनकी सराहना की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, विधायकगण, भाजपा पदाधिकारी, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।
