बीसलपुर। तहसील क्षेत्र के ग्राम लुहीचा में ग्राम पंचायत निधि और मनरेगा की धनराशि में हेराफेरी का गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के पति राजेंद्र पर आरोप लगाया है कि उन्होंने ग्राम प्रधान के फर्जी हस्ताक्षर कर सरकारी खातों से लाखों रुपये की निकासी कर ली। मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में रोष व्याप्त है और प्रशासन से इसकी निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।बताया जा रहा है कि पंचायत से जुड़े कई दस्तावेजों में ग्राम प्रधान के स्थान पर कथित रूप से उनके पति राजेंद्र द्वारा फर्जी हस्ताक्षर किए गए। इन हस्ताक्षरों के आधार पर पंचायत निधि और मनरेगा से जुड़ी राशि निकाली गई। ग्रामीणों का आरोप है कि इस धनराशि का उपयोग गांव के विकास कार्यों में नहीं किया गया, बल्कि व्यक्तिगत लाभ के लिए खर्च कर दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि इस कारण गांव में कई जरूरी विकास कार्य अधूरे पड़े हैं। मनरेगा के तहत गरीब मजदूरों को मिलने वाली सुविधाएं भी प्रभावित हुई हैं। पंचायत स्तर पर इस प्रकार की अनियमितता से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारियों से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस तरह की घटनाओं पर रोक नहीं लगाई गई तो पंचायत व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कमजोर हो जाएगा।
