शुकुलबाजार: होली के बाद गोमती में नहाते समय युवक डूबा, शव हुआ बरामद
March 05, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। थाना क्षेत्र के किशनी गांव का तेईस वर्षीय युवक गोमती नदी में नहाते समय डूब गया। घटना के चैबीस घंटे बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और स्टीमर की मदद से लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार किशनी गांव निवासी पवन कुमार गुप्ता बुधवार को होली खेलने के बाद अपने चचेरे भाइयों पंकज गुप्ता, निखिल गुप्ता और हिमांशु गुप्ता के साथ गांव के पास बने नवनिर्मित पीपा पुल के पास गोमती नदी में नहाने गए थे। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे सभी युवक पुल से नदी में कूदकर नहा रहे थे। इसी दौरान पवन गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वह देखते ही देखते नदी में लापता हो गए। घटना के बाद उनके साथियों ने किसी तरह बाहर निकलकर परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। लगभग चैबीस घंटे बीत जाने के बाद भी युवक का शव बरामद नहीं हो सका है। पुलिस स्टीमर और गोताखोरों की मदद से नदी में लगातार खोजबीन कर रही है। परिजनों के अनुसार पवन मंगलवार को अपनी मां पार्वती और बहन बबिता के साथ चंडीगढ़ से गांव आए थे। ग्यारह मार्च को उनकी बहन की ननद की शादी है, जिसमें शामिल होने के लिए परिवार गांव आया था। पवन चंडीगढ़ में फल की रेहड़ी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। करीब बीस साल पहले उनके पिता का निधन हो चुका है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां पार्वती, बहन बबिता और संगीता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है। थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि युवक की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों को लगाया गया है। एनडीआरएफ टीम को भी सूचना दी गई है और सर्च अभियान लगातार जारी है।
.jpg)