अमेठीः प्राथमिक विद्यालय में ताला तोड़कर चोरी का प्रयास
March 05, 2026
अमेठी। होली अवकाश के बाद विद्यालय खुलने पर प्राथमिक विद्यालय घाटमपुर में चोरी के प्रयास और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार दिवसीय होली अवकाश के बाद गुरुवार सुबह जब बच्चे और विद्यालय का स्टाफ नियत समय पर स्कूल पहुंचे, तो विद्यालय के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ और गायब पाया गया। इसके साथ ही आपातकालीन द्वार का ताला भी ईंट-पत्थरों से मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। विद्यालय परिसर के अंदर भी तोड़फोड़ की गई है। परिसर में लगे मंदिर के नल की टोटियां तोड़ दी गईं और ईको क्लब के बाल उद्यान को भी पूरी तरह तहस-नहस कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रधानाध्यापिका ने तत्काल विभागीय उच्चाधिकारियों, मुंशीगंज थाना प्रभारी और ग्राम प्रधान को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। विद्यालय प्रशासन द्वारा घटना से संबंधित फोटोग्राफ भी लिए गए हैं। खंड शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रक्रिया की गई है। ताकि आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में भी कई बार चोरी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं हो चुकी हैं। इन घटनाओं की जानकारी समय-समय पर पुलिस विभाग को दी गई थी और मीडिया में भी इस संबंध में खबरें प्रकाशित होती रही हैं। प्रधानाध्यापिका रेनू श्रीवास्तव ने बताया कि लगातार हो रही घटनाओं और पुलिस की लापरवाही से विद्यालय की दैनिक कार्यप्रणाली पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
