अमेठीः श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह का शुभारंभ
March 05, 2026
अमेठी। श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह का शुभारंभ गुरुवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रद्धा और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। वेदी पूजन के उपरांत प्रारंभ हुई इस शोभायात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर अमृत कलश धारण कर भागीदारी निभाई। गाजे-बाजे, डीजे और भक्ति गीतों के बीच निकली यात्रा से पूरा गांव भक्तिरस में सराबोर हो उठा। कलश यात्रा का नेतृत्व कथावाचक पूज्य स्वामी ओमानंद जी महाराज ने किया। धार्मिक आयोजन की मुख्य यजमान श्रीमती गीता एवं बालकृष्ण तिवारी के आवास से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों और धार्मिक स्थलों से होती हुई माँ कालिकन धाम स्थित देवी धाम पहुंची, जहां यजमान दंपति ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। जहां श्रद्धालुओं ने पवित्र जल ग्रहण किया। तत्पश्चात यात्रा में पूजा-अर्चना करती हुई कथा पंडाल में संपन्न हुई। जयघोष और भजनों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। कथा व्यास स्वामी ओमानंद महाराज ने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा 6 मार्च से प्रारंभ होकर 12 मार्च तक चलेगी। वहीं धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ होंगे। कार्यक्रम में श्यामकृष्ण, बालकृष्ण, राधेकृष्ण, त्रियुगी तिवारी, कल्लू पाण्डेय, शैलेंद्र तिवारी, अरविन्द, सुधांश, कुलदीप, संदीप, शुभम, सत्यम शुक्ला, आदित्य मिश्र, जय प्रकाश, अभिनव सौरभ, अनूप, पंकज मिश्र, रसिक सहित भारी संख्या में महिलाएं व ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में आस्था और उल्लास का वातावरण बना रहा।
