पीलीभीत। होली के पावन पर्व पर गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार अपने जनसंपर्क (जन सहयोग) कार्यालय में समर्थकों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के साथ रंगों में सराबोर नजर आए। कार्यालय परिसर में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। रंग और गुलाल की बौछार के बीच मंत्री ने सभी को अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और गले मिलकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर अपने संक्षिप्त उद्बोधन में मंत्री ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, प्रेम और समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमें आपसी मतभेद भुलाकर भाईचारे और सौहार्द के साथ इस पर्व को मनाना चाहिए। जनप्रतिनिधि होने के नाते उनका प्रयास है कि क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द भी सुदृढ़ हो।
मंत्री ने सभी नागरिकों की सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि होली का संदेश हर घर तक पहुंचे और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो।
कार्यक्रम के दौरान मनोज मिश्रा, शिव नारायण शर्मा, मनोज पटेल, प्रतीक पांडे, चमकोर सिंह और विकास श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूरे जनपद से भी लोग राज्य मंत्री से मिलने पहुंचे। मंत्री ने सभी के साथ रंग खेलते हुए गले लगकर होली की बधाई दी। जनसंपर्क कार्यालय में दिनभर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
