Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बलिया: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किसान दिवस, किसानों की समस्याओं पर हुई सुनवाई! किसान दिवस में उठीं बिजली, नलकूप और मुआवजे की समस्याएं


बलिया। कृषि भवन के सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए कृषकों के साथ-साथ किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान कृषि से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे, ताकि किसानों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके। बैठक की शुरुआत में जिला कृषि अधिकारी ने पिछले माह आयोजित किसान दिवस की कार्यवृत्ति से संबंधित आख्या पढ़कर सुनाई। इस पर अधिकांश किसानों ने अपनी समस्याओं के समाधान पर संतोष व्यक्त किया। किसान दिवस में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने राजकीय नलकूपों की मरम्मत, फसल क्षतिपूर्ति, विद्युत आपूर्ति, नहरों की स्थिति, निजी नलकूपों की बोरिंग और उससे संबंधित अनुदान जैसी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

जिलाधिकारी ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विद्युत, नलकूप, सहकारिता, कृषि, मंडी, उद्यान, पंचायत, बाढ़ एवं नहर विभागों को निर्देशित किया कि वे जनपद के सभी विकास खंडों में निर्धारित तिथियों पर किसानों के साथ बैठक कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। निजी नलकूपों की बोरिंग से संबंधित मामलों में जिलाधिकारी ने वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के अंतर्गत बोरिंग कराने वाले सभी लाभार्थियों का सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही, उथली, मध्यम और गहरी बोरिंग कराने वाले उन किसानों की सूची भी तैयार करने को कहा गया, जिन्हें अब तक विद्युत कनेक्शन प्राप्त नहीं हुआ है।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि किसानों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हो और किसानों को राहत मिल सके। बैठक में उप कृषि निदेशक मनीष कुमार सिंह एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |