बलिया: नौ दिवसीय जनकल्याण मेला का दूसरा दिन, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
March 19, 2026
बलिया। प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गंगा बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित नौ दिवसीय जनकल्याण मेले का गुरुवार को दूसरा दिन रहा। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने विकास भवन कैम्प कार्यालय में समीक्षा बैठक कर मेले की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे सक्रिय रूप से भाग लें और अपने-अपने स्टॉल पर लगातार उपस्थित रहकर लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करें तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाएं। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान प्रतिदिन दो विभागों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक दिन के लिए नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे आयोजन व्यवस्थित तरीके से संचालित हो सके। साथ ही प्रतिदिन दो सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराने पर भी जोर देते हुए कहा कि इससे मेले में आने वाले लोगों की सहभागिता बढ़ेगी। उन्होंने सभी विभागों को अपने स्टॉल पर संबंधित योजनाओं के पम्पलेट उपलब्ध कराने और अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और इस मेले को सफल बनाते हुए आम जनता तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।
.jpg)