पीलीभीत। जनपद के बिलसंडा स्थित अमन बैंकेट हॉल में आयोजित एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया जब बारात में शामिल कुछ लोगों ने लड़की पक्ष के एक युवक पर अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने युवक को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कई लोग मिलकर युवक पर लाठियां बरसा रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शादी समारोह के दौरान बारात में शामिल कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने लड़की पक्ष के युवक पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर भगदड़ मच गई और समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से किसी ठोस कार्रवाई की पुष्टि नहीं हो सकी है।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई बताई जा रही है।
