तिलोई: सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मौत
March 02, 2026
तिलोई/अमेठी। मोहनगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भेलाईकला गांव निवासी लाल बहादुर उर्फ लल्ला मौर्या (24) की सड़क दुर्घटना में घायल होने के लगभग तीन माह बाद रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।लल्ला मौर्य तीन माह पूर्व दुसौती से महाराजगंज रोड पर चंदापुर के पास हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे।दुर्घटना के बाद से ही उनका इलाज लखनऊ के निजी अस्पताल में चल रहा था।रविवार को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मृतक का पार्थिव शरीर उनके आवास पर लाया गया। जहां सोमवार की सुबह लल्ला मौर्या का अंतिम संस्कार किया गया। लल्ला मौर्या की शादी चार माह पहले 19 नवंबर को रायबरेली जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के शोभापुर गांव में हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद 13 दिसंबर को वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे।लल्ला अपने भाइयों में सबसे छोटे थे और पेशे से मोटरसाइकिल मैकेनिक थे। उनके अन्य भाई खेती और निजी व्यवसाय से परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके पिता की मृत्यु भी लगभग तीन वर्ष पहले हो चुकी थी।नवयुवक की मौत के बाद से परिवार में शोक का माहौल है।
