बीसलपुर। विद्युत विभाग द्वारा शहर में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर व्यापारियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को नगर उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले बड़ी संख्या में व्यापारी सड़कों पर उतर आए और स्मार्ट मीटर व्यवस्था के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
व्यापारी पहले संगठन कार्यालय पर एकत्र हुए, जहां बैठक कर स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई। इसके बाद कटरा गेट से एक विशाल जुलूस निकाला गया, जो शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से होते हुए तहसील परिसर पहुंचा। इस दौरान व्यापारियों ने ष्स्मार्ट मीटर वापस लोष्, ष्व्यापारियों का उत्पीड़न बंद करोष् जैसे नारे लगाते हुए विरोध जताया।
तहसील पहुंचकर व्यापारियों ने तहसीलदार को एसडीएम के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि स्मार्ट मीटरों में उपभोग की रीडिंग अत्यधिक तेजी से बढ़ रही है, जिससे बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हो रही है। इसके अलावा, प्रीपेड व्यवस्था के तहत रिचार्ज समाप्त होते ही बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली आपूर्ति काट दी जाती है, जिससे दुकानों का संचालन बाधित होता है और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि सर्वर की तकनीकी खराबी के चलते कई बार घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप रहती है, जिससे ग्राहकों और व्यापारियों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में मांग की गई कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जबरन स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए। साथ ही, बिजली आपूर्ति बंद करने से पूर्व उपभोक्ताओं को मैसेज के माध्यम से सूचना दी जाए और भुगतान के लिए कम से कम एक माह का समय दिया जाए।
प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन अध्यक्ष राकेश चंद्र मित्तल ने किया। इस दौरान महामंत्री विनोद अग्रवाल, युवा इकाई अध्यक्ष मयंक अग्रवाल, राजेश गुप्ता, वासुदेव गंगवार, शशांक अग्रवाल, गिरीश कुमार, पुत्तूलाल समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
