पीलीभीत। अखिल भारत हिन्दू महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार देर शाम जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा की अध्यक्षता में जिला महामंत्री मयंक जायसवाल के प्रतिष्ठान उर्मिल बारात घर में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को आगे बढ़ाने, गौ रक्षा एवं युवाओं के रोजगार जैसे विषयों सहित कई सामाजिक और संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा ने कहा कि हिन्दू समाज को अपने आप को कमजोर नहीं समझना चाहिए। हिन्दू महासभा हर हिन्दू के साथ खड़ी है और समाज को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ताओं के दम पर आने वाले समय में हिन्दू समाज की आवाज और अधिक मजबूत होगी। साथ ही उन्होंने बताया कि पीलीभीत के युवाओं के रोजगार को लेकर गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार से भरा पचपेड़ा में बनने वाली फैक्ट्री में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दिलाने के संबंध में बातचीत की गई है और संगठन भी इस दिशा में प्रयास करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार जिले भर में हिन्दू महासभा के कार्यकर्ताओं के दम पर ही चुनाव में खड़े होने वाले हिन्दू उम्मीदवारों की नैया पार होगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि हिन्दू महासभा का उद्देश्य हिन्दू समाज को संगठित और सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और मोहल्लों तक पहुंचकर हिन्दू समाज को जागरूक करने और संगठन से जोड़ने का कार्य करना चाहिए। जिला महामंत्री मयंक जायसवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं का सक्रिय रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सदस्यता अभियान और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन को और मजबूत किया जाएगा।
महिला जिलाध्यक्ष बिन्दु सिंह ने कहा कि हिन्दू समाज की रक्षा और संस्कारों को बनाए रखने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। महिला महामंत्री कविता वंशवाल ने कहा कि हिन्दू महासभा महिलाओं को भी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर दे रही है। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता फैलाने और संस्कारों को मजबूत करने के लिए महिलाओं की भागीदारी आवश्यक है।
युवा जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा ने कहा कि युवाओं को संगठन की ताकत बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिन्दू महासभा युवाओं को समाज और राष्ट्र के लिए कार्य करने का मंच प्रदान कर रही है और युवा वर्ग तेजी से संगठन से जुड़ रहा है। मंडल अध्यक्ष महिला बबीता सक्सेना ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि हिन्दू महासभा समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का कार्य कर रही है। बैठक का संचालन बीसलपुर नगर अध्यक्ष सुनील अवस्थी एवं नगर महामंत्री अवनीश रतन ने किया। अंत में सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं का धन्यवाद शहर नगर अध्यक्ष सुनील कश्यप ने किया।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा, महिला मंडल अध्यक्ष बबिता सक्सेना, जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा, जिला महामंत्री मयंक जायसवाल, युवा जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा, युवा जिला महामंत्री आयुष सक्सेना, नगर अध्यक्ष सुनील कश्यप, महिला जिलाध्यक्ष बिन्दु सिंह, महिला महामंत्री कविता वंशवाल, हरिओम मिश्रा, शलभ गंगवार, विपुल पांडेय, रवि जायसवाल, अमन संजोग, अनिल वंशवाल, प्रकाश अग्निहोत्री, कमल कश्यप, राहुल देव, जितेंद्र मौर्य, चेतन श्रीवास्तव, बीसलपुर से नगर अध्यक्ष सुनील कश्यप एवं अवनीश रतन सहित पूरी टीम, पूरनपुर से नगर अध्यक्ष अवलोक मिश्रा एवं युवा नगर अध्यक्ष विकास गुप्ता सहित पूरी टीम आदि सहित जिले भर के सभी नगरों एवं ब्लॉकों की टीम सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
