कन्नौज। जनपद मे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुगरापुर एवं जलालाबाद का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकीय व्यवस्थाओं स्वच्छता औषधि उपलब्धता एवं स्टाफ उपस्थिति का गहन परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुगरापुर में डॉ0 देवेन्द्र कुमार मीना फार्मासिस्ट प्रभात तिवारी वार्ड बॉय अतुल कुमार एवं स्वीपर सोनू उपस्थित मिले जबकि प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ0 सुरेन्द्र चैधरी अनुपस्थित पाए गए। अस्पताल परिसर मे स्वच्छता की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई और गंदगी अधिक मिली। निरीक्षण के समय कोई भी मरीज उपचार हेतु उपस्थित नहीं था।
जिलाधिकारी ने साफ-सफाई व्यवस्था मे तत्काल सुधार लाने तथा मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि डॉ0 देवेन्द्र कुमार मीना वर्ष 2025 के पासआउट चिकित्सक हैं जिनकी तैनाती बॉन्ड के आधार पर की गई है।
तत्पश्चात जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालाबाद का निरीक्षण किया जहां डॉ. उदय वीर प्रताप फार्मासिस्ट ज्ञानेंद्र सचान एवं वार्ड बॉय शिवम उपस्थित पाए गए, जबकि प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार अनुपस्थित मिले। केंद्र पर औषधियों की उपलब्धता पूर्ण पाई गई जिस पर संतोष व्यक्त किया गया। हालांकि स्टोर रूम मे गंदगी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान स्टाफ नर्स रचना यादव ने अवगत कराया कि चिकित्सालय में प्रतिमाह लगभग 16 से 17 प्रसव कराए जा रहे हैं। निरीक्षण के समय महिला चिकित्सक डॉ. पूनम अनुपस्थित पाई गईं।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी चिकित्साधिकारी एवं कर्मचारी समय से उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वच्छता दवा उपलब्धता और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
