हाथरस।ईद-उल-फितर के मौके पर जनपद हाथरस में सादगी, अकीदत और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाया गया। सुबह से ही शहर की ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए नमाजियों का आना शुरू हो गया। “ईद मुबारक” की मुबारकबाद के साथ पूरे माहौल में खुशी और अपनापन नजर आया।
मुरसान गेट स्थित मुख्य ईदगाह में नमाजियों ने समय से पहुंचकर कतारों में खड़े होकर नमाज अदा की। मौलाना इकबाल ने नमाज पढ़ाई और मुल्क में अमन-शांति, तरक्की और भाईचारे के लिए खास दुआ की। वहीं हारुन नदवी ने अपने बयान में समाज में मोहब्बत और एकता बनाए रखने की बात कही और इंसानियत को सबसे ऊपर रखने का पैगाम दिया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। फितरा और जकात अदा की गई, जिससे जरूरतमंदों की मदद हो सके। बच्चों और बुजुर्गों में खास खुशी देखने को मिली, वहीं बाजारों में भी हलचल बनी रही।
पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से बेहतर इंतजाम किए गए थे। ईदगाह और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा। व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोगों को तय स्थानों पर ही नमाज अदा करने के लिए कहा गया। इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर राजबहादुर, क्षेत्राधिकारी नगर योगेंद्र कृष्ण नारायण और कोतवाली निरीक्षक सत्येंद्र सिंह राघव पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। मुस्लिम इंतजामिया समिति के अध्यक्ष राहत अहमद कुरैशी ने प्रशासन के सहयोग की सराहना की और कहा कि सभी के तालमेल से ईद का पर्व शांति और अच्छे माहौल में संपन्न हुआ।
