आगरा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्तीदृ2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस उपायुक्त नगर, कमिश्नरेट आगरा ने शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की और कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस उपायुक्त ने सभी ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके।
