Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीएम मोदी ने सफल चुनावों पर नेपाल के लोगों को दी बधाई


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को हिमालयी देश नेपाल में सफल आम चुनाव के लिए वहां की जनता और सरकार को बधाई दी है। पीएम मोदी ने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि नेपाल की लोकतांत्रिक यात्रा में एक गौरवपूर्ण क्षण है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि एक घनिष्ठ मित्र और पड़ोसी के रूप में, भारत नेपाल के लोगों और उसकी नई सरकार के साथ मिलकर शांति, प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छूने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'नेपाल की जनता और सरकार को चुनावों के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन पर हार्दिक बधाई। अपने नेपाली भाइयों और बहनों को इतने उत्साहपूर्वक तरीके से अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करते देखना बेहद खुशी की बात है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि नेपाल की लोकतांत्रिक यात्रा में एक गौरवपूर्ण क्षण है।'

रैपर से राजनीतिक नेता बने बालेंद्र शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) भारी जीत दर्ज की है। आरएसपी ने बालेंद्र शाह को प्रधानमंत्री पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया था।बालेंद्र शाह ने केपी शर्मा ओली के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज की है। बालेंद्र शाह ने झापा-5 सीट में केपी शर्मा ओली को 49,614 वोटों से हराया है।

बता दें कि बालेन के नाम से मशहूर बालेंद्र शाह ने चुनाव प्रचार के दौरान खुद को 'मधेश का बेटा' बताया था और पार्टी ने 'अबकी बार बालेंद्र सरकार' का नारा दिया था। मधेश प्रांत के आठ जिलों की कुल 32 सीटों में से, आरएसपी ने 7 सीट जीत ली हैं और 23 अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में आगे है।

चुनाव के परिणामों और रुझानों के अनुसार, पार्टी काठमांडू घाटी में भी सूपड़ा साफ कर रही है। इसने काठमांडू जिले की सभी 10 सीट, भक्तपुर की दो सीट और ललितपुर जिले की एक सीट जीत ली है। काठमांडू घाटी की कुल 15 सीटों में से पार्टी शेष दो सीट पर भी भारी अंतर से आगे है।

चुनाव प्रचार के आखिरी दिन पार्टी ने बालेन के नेतृत्व में काठमांडू घाटी के सभी 15 निर्वाचन क्षेत्रों में रोड शो किया था। नेपाली कांग्रेस ने छह सीटों पर जीत हासिल की है और 12 अन्य सीट पर आगे है। नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी ने दो सीट जीती हैं और छह अन्य सीट पर आगे है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |