Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीतः जनपद में पर्यटन और औद्योगिक विकास की सराहना! वाइफरकेशन निरीक्षण भवन में जन सूचना अधिकारियों से किया संवाद


पीलीभीत। रविवार को राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री ने वाइफरकेशन निरीक्षण भवन में जन सूचना अधिकारियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जनपद में हो रहे सर्वांगीण विकास पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस विकास यात्रा में जन सूचना अधिकारियों को भी अपनी भूमिका सक्रियता के साथ निभानी चाहिए।उन्होंने कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत आवेदकों को समय पर जन सूचना उपलब्ध कराना जन सूचना अधिकारियों का दायित्व है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही जन सूचना के माध्यम से जरूरतमंदों की समस्याओं के समाधान में भी सहयोग करना चाहिए।राज्य सूचना आयुक्त ने पीलीभीत टाइगर रिजर्व से सटे गांवों का भी अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत नौ इको विकास समितियों का गठन किया गया है, जिन्हें टाइगर कंजर्वेशन फाउंडेशन के माध्यम से एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इससे सामुदायिक विकास, आजीविका बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनपद में औद्योगिक विकास भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। अमरिया क्षेत्र में एशिया का सबसे बड़ा खमीर प्लांट स्थापित किया जा रहा है तथा औद्योगिक हब के विकास की दिशा में भी कार्य हो रहा है। इसके अलावा शारदा सागर के पास पर्यटन विकास, नए बस स्टेशन का निर्माण और शारदा सागर के किनारे पर्यटन केंद्र विकसित करने की योजना भी जनपद के विकास को नई दिशा देगी। राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि पर्यटन और औद्योगिक विकास से जिले में रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |