पीलीभीत। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय अमरिया की 100 छात्राओं को शैक्षिक एक्स्पोजर विजिट के तहत भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) बरेली ले जाया गया। इस दौरान छात्राओं ने संस्थान की विभिन्न प्रयोगशालाओं, पशु चिकित्सा सुविधाओं और वैज्ञानिक अनुसंधान गतिविधियों को करीब से देखा।
विजिट के दौरान छात्राओं ने आपस में हंसी-मजाक करते हुए भ्रमण का भरपूर आनंद लिया और यादगार पलों को कैमरे में कैद करते हुए सेल्फी भी ली। इस एक्स्पोजर विजिट का उद्देश्य बालिकाओं को भौगोलिक जानकारी देने के साथ-साथ पशु-पक्षियों, वैज्ञानिक अनुसंधान और बाहरी दुनिया से परिचित कराना था, ताकि वे स्कूली शिक्षा के साथ-साथ देश-दुनिया के बारे में भी जानकारी प्राप्त कर सकें।
आईवीआरआई पहुंचने पर सबसे पहले छात्राओं को योगा पार्क का भ्रमण कराया गया। इसके बाद नाभिकीय वैज्ञानिक प्रयोगशाला, केंचुआ पालन इकाई, पशुओं को दी जाने वाली वैक्सीन और पशुओं में होने वाली बीमारियों से बचाव के बारे में जानकारी दी गई। संस्थान के सीनियर टेक्निकल ऑफिसर रवि कुमार ने बताया कि पशुओं में कई प्रकार के वायरस जानलेवा हो सकते हैं और वैक्सीन वैज्ञानिक शोध के आधार पर तैयार की जाती है।छात्राओं ने पशु अस्पताल में कुत्ता, बिल्ली, भैंस, बकरी और घोड़े जैसे पशुओं के उपचार की प्रक्रिया को भी करीब से देखा। कई बीमार पशुओं को अस्पताल में भर्ती देखकर बालिकाओं को पशु चिकित्सा की व्यवस्था के बारे में जानकारी मिली। इसके अलावा पशु चिकित्सा विज्ञान अनुभाग, रिसर्च सेंटर और पशु शरीर रचना अनुभाग में पशु-पक्षियों की आंतरिक संरचना का ढांचा भी दिखाया गया।
इसके बाद छात्राओं को प्रयोगशाला, वधुशाला, नेशनल एनिमल साइंस सेंटर, कृषि विज्ञान केंद्र, योगा पार्क और जैविक उत्पाद विभाग का भी भ्रमण कराया गया। वन्य जीव अनुभाग में छात्राओं ने बारहसिंगा और हिरन को करीब से देखा, जबकि म्यूजियम में मोर, कछुआ और शुतुरमुर्ग सहित विभिन्न पक्षियों की जानकारी दी गई। संस्थान के फहीम अंसारी ने छात्राओं को बताया कि अलग-अलग श्रेणी के पशु-पक्षियों के साथ किस प्रकार का व्यवहार करना चाहिए।इस दौरान अमरिया विकासखंड के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं में विजेता छात्र-छात्राओं को भी इस विजिट में शामिल किया गया।एक्स्पोजर विजिट में जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, के.के. सागर, के.के. सिंह, स्पेशल एजुकेटर संजीव मिश्रा तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की वार्डेन शीतल, बबीता, निशा, अनामिका, सुजाता, गीता, प्रेमलता, बेबी बानो सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा। रसोइया जेबलाल, कुसुम, सुमित्रा और किरण भी साथ रहे।
