बीसलपुर। नगर के 12 पत्थर चैराहे से स्टेशन को जाने वाले मार्ग पर वर्षों से हो रहा अतिक्रमण अब हादसों की वजह बनता जा रहा है। रविवार दोपहर एक कार अनियंत्रित होकर नाले में जा घुसी, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर सब्जी विक्रेताओं ने ठेला व फड़ लगाकर एक ओर का पूरा रास्ता घेर रखा है। कई बार प्रशासन और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया, लेकिन कुछ ही समय बाद फिर से कब्जा कर लिया गया।बताया जाता है कि पूर्व में तत्कालीन एसडीएम वंदना त्रिवेदी ने भी इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। वहीं, पालिका प्रशासन द्वारा सब्जी विक्रेताओं को नई मंडी में शिफ्ट करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन ढिलाई के चलते स्थिति जस की तस बनी हुई है।
रविवार को करीब 1रू10 बजे एक कार चालक इसी मार्ग से गुजर रहा था, तभी संकरे रास्ते और अव्यवस्था के चलते उसका संतुलन बिगड़ गया और कार नाले में जा गिरी। घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से तत्काल अतिक्रमण हटाने की मांग की है, अन्यथा बड़े हादसे की आशंका जताई है।
