अमेठीः घरेलू गैस के दुरुपयोग पर छापा! दो सिलेंडर जब्त, दुकानदारों पर होगी सख्त कार्रवाई
March 24, 2026
अमेठी। घरेलू गैस सिलेंडर के अवैध उपयोग को लेकर पूर्ति विभाग ने सख्ती दिखाते हुए रामलीला मैदान, अमेठी में छापेमारी की। पूर्ति निरीक्षक अरुण कुमार पांडे और शुभम चैधरी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जानकारी के अनुसार, रामलीला मैदान में मोहम्मद इश्तियाक गुर्जर (निवासी बाराबंकी) की बीफ कबाब-पराठा की दुकान तथा सरवनपुर निवासी गोविंद कुमार की टिकिया, चाट, चाउमीन व बर्गर की दुकान पर घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से दो सिलेंडर जब्त कर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पूर्ति निरीक्षक अरुण कुमार पांडे ने बताया कि नगर में यदि कोई भी दुकानदार घरेलू गैस कनेक्शन का व्यावसायिक उपयोग करते पाया गया, तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग नियमों का उल्लंघन है और इसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
