संग्रामपुर: अफवाहों का बाजार गर्म! पेट्रोल पंपों पर लगी लम्बी कतारे
March 26, 2026
संग्रामपुर/अमेठी। अफवाहों के कारण अमेठी जिले के पेट्रोल पंपों पर पैनिक बाइंग (घबराहट में खरीदारी) का माहौल देखने को मिल रहा है। विभिन्न पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं और लोग अपने वाहनों के फ्यूल टैंक फुल कराने की होड़ में जुटे हुए हैं। कई स्थानों पर लोग प्लास्टिक के डिब्बे, पानी की टंकियां, छोटे-बड़े बोतल आदि में भी पेट्रोल-डीजल भराते नजर आए।हालांकि तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है तथा पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इसके बावजूद अफवाहों के चलते लोग घबराकर ईंधन का अतिरिक्त भंडारण करने लगे हैं।जिले के संग्रामपुर क्षेत्र में अमेठी-किठावर मार्ग स्थित पेट्रोल पंप पर भारी भीड़ देखने को मिली। इसी प्रकार अमेठी तहसील क्षेत्र के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों की लंबी कतारें लगी रहीं। पेट्रोल के साथ-साथ डीजल के लिए भी ट्रैक्टर, ट्रक और अन्य बड़े वाहन बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं। प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा लोगों से अपील की जा रही है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को आसानी से ईंधन मिल सके।
