शुकुलबाजार/अमेठी। विकासखंड क्षेत्र के मखदूमपुर कला से देवगांव मार्ग पर स्थित जर्जर पुराने पुल के समानांतर नया पुल बनाया जाएगा। गोमती नदी पर नई दीर्घ सेतु के निर्माण को योगी सरकार ने मंजूरी दे दी है इस परियोजना की कुल लागत 38.08 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में निर्माण कार्य के लिए 13.32 करोड़ रुपये की धनराशि जारी करने की स्वीकृति दी गई है।
मखदूमपुर कला-देवगांव मार्ग पर जर्जर पुल के समानांतर बनेगा नया सेतु
यह धनराशि लोक निर्माण विभाग के माध्यम से व्यय की जाएगी, जबकि निर्माण कार्य का दायित्व उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम को सौंपा गया है। परियोजना के तहत पुल निर्माण के साथ-साथ पहुंच मार्ग, अतिरिक्त संपर्क मार्ग और सुरक्षा से जुड़े आवश्यक कार्य भी कराए जाएंगे। शासन ने निर्देश दिए हैं कि कार्य प्रारंभ करने से पहले तकनीकी स्वीकृति, भूमि अधिग्रहण समेत सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जाएं। शासनादेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए और लागत में अनावश्यक वृद्धि न होने पाए। साथ ही गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और कार्य की नियमित समीक्षा की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।इस परियोजना को मंजूरी दिलाने में जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक सुरेश पासी के प्रयासों को अहम माना जा रहा है। उनके लगातार प्रयासों से क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। नए सेतु के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और स्थानीय लोगों के साथ-साथ राहगीरों को भी काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
