आगरा। मिनी स्टेडियम अकोला में आयोजित जोन स्तरीय खेल प्रतियोगिता 2025दृ26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगे भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदोरिया ने खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व की भावना विकसित होती है, जो उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करती है।
उन्होंने सभी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रयासरत रहने का संदेश दिया। इस दौरान खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में खेल प्रतियोगिता से जुड़े अधिकारी, प्रशिक्षक, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
