पति ने पत्नी को ट्रेन के आगे धकेला, महिला की मौत
March 17, 2026
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से एक बड़ी ही दर्दनाक मामला सामने आया है। मुंबई के मुलुंड इलाके में एक शख्स ने पत्नी को ट्रेन के सामने धकेलकर मार डाला है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने इस घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सामने आई जानकारी के मुताबिक, राजधानी मुंबई के मुलुंड रेलवे स्टेशन पर एक शख्स ने अपनी पत्नी पुष्पा राजू गुप्ता (उम्र 36 वर्ष) को चलती लोकल ट्रेन के सामने धक्का दे दिया और उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने दूसरे नाबालिग बेटे के साथ मौके से फरार हो गया।
महिला की ट्रेन के आगे धकेलकर हत्या के इस मामले में एक्शन शुरू हो गया है। कुर्ला रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने आरोपी शख्स राजू गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश कर रही है। ये केस मृत महिला के भाई और भारतीय सेना में जवान कमलेश कुमार शामदेव गुप्ता (उम्र 30 वर्ष) की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है।
इससे पहले सोमवार को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से भी खौफनाक घटना सामने आई। जिले में एक सोशल मीडिया के रील स्टार ने 50 लाख रुपये के विवाद में एक रिटायर्ड प्रोफेसर की हत्या कर दी है। हैरानी की बात ये है कि पुलिस ने 40 दिन बाद रिटायर्ड प्रोफेसर राजाभाऊ सुभराव लोंढे का शव जंगल से बरामद किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी की पहचान सोशल मीडिया रील स्टार विशाल राठोड के रूप में की गई है। वहीं, रिटायर्ड प्रोफेसर की हत्या में आरोपी की मदद करने वाले उसके साथी आकाश पवार और करण आडे को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
