सीएम नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा में ‘हरे चने की लूट’
March 20, 2026
गयाजी जिले के टनकुप्पा प्रखंड के मायापुर स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्धि यात्रा कार्यक्रम के दौरान एक चौंकाने वाला दृश्य सामने आया। जहां एक ओर सीएम मंच से वर्ष 2006 से अब तक के विकास कार्यों को गिना रहे थे। वहीं दूसरी ओर कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे ग्रामीण खेत में लगे हरे चने की फसल पर हाथ साफ करते नजर आए।
कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे थे। इसी दौरान सेंटर परिसर में लगी चने की फसल को लोगों ने मौका देखकर उखाड़ना शुरू कर दिया। जिसे मौका मिला, वह हरा चना का पौधा उखाड़ते हुए आराम से सभा स्थल की ओर बढ़ता दिखा।
यह वही सेंटर ऑफ एक्सीलेंस है, जहां आधुनिक और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यहां खास तौर पर मोटे अनाज (मिलेट्स) की उन्नत खेती पर जोर दिया जा रहा है। अन्य फसलों की तुलना में करीब 20% कम पानी में उत्पादन संभव हो सके। लेकिन कार्यक्रम के दौरान ही फसल को नुकसान पहुंचाना व्यवस्था और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
