Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

हाथरसः अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन हेतु महिला थाना से शहीद स्मारक तक महिला पुलिस कर्मियों एवं स्कूल की छात्राओ द्वारा निकाली गई महिला सशक्तीकरण रैली


हाथरस। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जनपद में एक भव्य महिला सशक्तिकरण रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान  अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री रामानंद कुशवाहा, क्षेत्राधिकारी नगर श्री योगेन्द्र कृष्ण नारायण, प्रभारी महिला थाना  व समस्त थानों की महिला बीट आरक्षी के साथ विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। । भव्य महिला  रैली महिला थाना से प्रारंभ होकर शहीद स्मारक तक निकाली गई, जिसमें महिला पुलिस कर्मियों के साथ विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। भव्य महिला  रैली के द्वारा समाज में महिलाओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सम्मान के प्रति सकारात्मक संदेश दिया तथा जनमानस को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महिला थाना परिसर से किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा छात्राओं एवं महिला पुलिस कर्मियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व के बारे में बताया गया तथा महिलाओं के अधिकारों, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के विषय में जागरूक किया गया। इसके पश्चात महिला पुलिस कर्मियों और छात्राओं ने हाथों में बैनर एवं तख्तियां लेकर महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से संबंधित नारों के साथ रैली की शुरुआत की।

भव्य महिला  रैली महिला थाना से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शहीद स्मारक तक पहुंची। रैली के दौरान छात्राओं और महिला पुलिस कर्मियों द्वारा जोश और उत्साह के साथ महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रेरणादायक नारे लगाए गए, जिससे पूरे मार्ग में जागरूकता का माहौल बना रहा। रास्ते में उपस्थित आमजन ने भी भव्य महिला   रैली का स्वागत करते हुए इस पहल की सराहना की। भव्य महिला  रैली के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा छात्राओं का उत्साहवर्धन किया गया तथा उन्हें बिस्किट एवं पानी की बोतल वितरित की गई। छात्राओं ने भी पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ रैली में भाग लेते हुए महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। इस दौरान छात्राओं को यह भी बताया गया कि शिक्षा, आत्मविश्वास और जागरूकता के माध्यम से ही महिलाएं समाज में अपनी मजबूत पहचान बना सकती हैं।

रैली के दौरान लगाए गए प्रमुख स्लोगन इस प्रकार रहे

  • “नारी का सम्मान, देश का अभिमान।
  • “सशक्त नारी, सशक्त समाज।
  • “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ दृ देश का भविष्य उज्ज्वल बनाओ।
  • “जहाँ नारी का मान होगा, वही समाज महान होगा।
  • “महिलाओं की सुरक्षा, समाज की प्राथमिकता।
  • “नारी शक्ति का करो सम्मान, तभी बनेगा देश महान।
  • “बेटी है अनमोल, उसका सम्मान है हम सबका मोल।
  • “सुरक्षित नारी, समृद्ध समाज।
  • “महिला सशक्तिकरण से ही राष्ट्र का उत्थान।
  • “आत्मनिर्भर नारी, देश की शक्ति।

भव्य महिला  रैली के दौरान महिला पुलिस कर्मियों द्वारा छात्राओं एवं आमजन को महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि यदि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, साइबर अपराध या घरेलू हिंसा जैसी घटनाओं का सामना करना पड़े तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस प्रशासन महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

शहीद स्मारक पहुंचने के बाद सभी प्रतिभागियों द्वारा राष्ट्र के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके उपरांत महिला पुलिस कर्मियों एवं छात्राओं द्वारा श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की गई। इस श्रमदान कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया। सभी प्रतिभागियों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि वे अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए भी निरंतर प्रयास करते रहेंगे।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस द्वारा बताया गया कि महिला सशक्तिकरण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज की निरंतर जिम्मेदारी है। महिलाओं को सुरक्षित वातावरण, समान अवसर और सम्मान प्रदान करना हम सभी का कर्तव्य है। यदि महिलाएं सुरक्षित और आत्मनिर्भर होंगी तो समाज और राष्ट्र दोनों का विकास तेजी से संभव होगा। अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस  ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आज की बेटियां शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन और सुरक्षा जैसे सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करें और किसी भी प्रकार की समस्या आने पर बिना झिझक पुलिस या प्रशासन से सहायता लें।

इस अवसर पर महिला थाना की समस्त महिला पुलिस कर्मियों, विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं,  तथा अन्य गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने मिलकर महिला सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |