Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

हाथरसः अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कलेक्ट्रेट सभागार में वृहद कार्यक्रम आयोजित


हाथरस। महिला कल्याण विभाग द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुख्य अतिथि मा० विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर एवं विशिष्ट अतिथि मा० ब्लॉक प्रमुख हाथरस श्रीमती पूनम पांडे की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स तथा मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मा० मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे सभागार में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा ध्यानपूर्वक सुना गया।

कार्यक्रम में कन्या गुरुकुल की छात्रा शिखा आर्या ने महिला सशक्तिकरण पर आधारित कविता प्रस्तुत की, वहीं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मा० विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि इस सृष्टि में धर्म और कर्म का आधार महिलाएं ही हैं। महिलाएं ही एक मकान को घर का स्वरूप देती हैं और उनकी प्रसन्नता से परिवार में सुख-समृद्धि का वातावरण बनता है। उन्होंने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने जीवन को प्रसन्नता और आत्मविश्वास के साथ जिएं तथा अपने जीवन में ऊर्जा और उत्साह बनाए रखें। इस अवसर पर उन्होंने “आसान नहीं है नारी होना” शीर्षक से काव्य पाठ भी किया।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक मां ही होती है जो अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करती है और उन्हें बेहतर जीवन जीने की प्रेरणा देती है। उन्होंने महिलाओं से अपने जीवन को व्यवस्थित ढंग से संचालित करते हुए समाज में सशक्त भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मा० ब्लॉक प्रमुख हाथरस श्रीमती पूनम पांडे ने कहा कि आज की नारी किसी भी मायने में पुरुषों से कम नहीं है, आवश्यकता केवल आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की है।

इस अवसर पर अतिथिगणों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी श्रीमती रेखा मिश्रा, नायब तहसीलदार प्रतीक्षा कटारा, जीजीआईसी की अध्यापिका सृष्टि गौतम, कन्या गुरुकुल की अधिष्ठात्री डॉ. पवित्रा विद्यालंकार, समाजसेवी सुनीता मिश्रा, अधिवक्ता रितु गौतम, स्वास्थ्य शिक्षा सूचना अधिकारी सूचिका सहाय, निरीक्षक सुनीता मिश्रा, उप निरीक्षक सोनम, महिला सशक्तिकरण केंद्र से जिला मिशन कोऑर्डिनेटर मोनिका गौतम, वन स्टॉप सेंटर मैनेजर मनीष भारद्वाज, स्वयं सहायता समूह से राजकुमारी, बेसिक शिक्षा विभाग से समीक्षा शर्मा, मोनिका मौर्य, सुधा कुमारी, राजस्व विभाग से लेखपाल रिचा वार्ष्णेय, इंद्रेश, प्रियंका तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों में कमल श्री, स्नेहलता, ममता रानी एवं फुटबॉल कोच वर्षा शर्मा शामिल रहीं।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने अतिथिगणों का आभार व्यक्त किया।

जिला प्रोबेशन अधिकारी सीमा मौर्या द्वारा कार्यक्रम परिचय प्रदान करते हुए महिलाओं को अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र उपाध्याय, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग से मुख्य सेविका, महिला कल्याण विभाग से कनिष्ठ सहायक आसिफ खान, संरक्षण अधिकारी विमल शर्मा, हब से जेंडर स्पेशलिस्ट ज्योति एवं सीमा, वन स्टॉप सेंटर से केस वर्कर नीलम व नौशी, आंकड़ा विश्लेषक प्रवीण यादव, ऑपरेटर शिवम, आउटरीच कार्यकर्ता कैलाश व बंटी सहित विभिन्न विभागों की महिला कार्मिक एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |