बरखेड़ा। थाना क्षेत्र के गांव अधकटा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या करने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव निवासी महेश पाल कश्यप की पत्नी सरिता देवी (22) ने कमरे के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के समय मृतका का पति हरियाणा में मजदूरी करने गया हुआ था। बताया जा रहा है कि वह 6 तारीख को काम के सिलसिले में घर से बाहर गया था।
परिजनों के अनुसार घटना के समय सरिता देवी ने अपनी सास को साड़ी बदलने के लिए दौलतपुर भेज दिया था। सास जब वापस लौटी तो बहू को कमरे के अंदर फांसी के फंदे पर लटका देख उसके होश उड़ गए। आनन-फानन में आसपास के लोगों को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया।
सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
बताया जा रहा है कि मृतका की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व महेश पाल कश्यप के साथ हुई थी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
.jpg)