लखनऊ। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर सोमवार को लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने चैक क्षेत्र स्थित प्राचीन बड़ी कालीजी मंदिर, छोटी कालीजी मंदिर एवं द्वारकाधीश मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। नवरात्रि के पांचवें दिन उन्होंने मां भगवती के श्रीचरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए समस्त नगरवासियों के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और कल्याण की कामना की।
महापौर ने बड़ी कालीजी मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद द्वारकाधीश मंदिर में भी जाकर भगवान के श्रीचरणों में नमन किया और भगवान शिव की आराधना करते हुए शहरवासियों के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। इस दौरान स्थानीय पार्षद अनुराग मिश्रा ‘अन्नू’, लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उत्तम कपूर, जोन-6 के जोनल अधिकारी अमरजीत यादव, अधिशासी अभियंता अशोक यादव और जोनल सेनेटरी ऑफिसर राजेश सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
दर्शन-पूजन के उपरांत महापौर ने बड़ी कालीजी मंदिर मार्ग और आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। महापौर ने जोनल सेनेटरी ऑफिसर को विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने के लिए कहा, ताकि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने मंदिर परिसर के पास स्थित सुलभ शौचालय का निरीक्षण कर उसकी साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद महापौर ने क्षेत्रीय निरीक्षण के क्रम में चैक स्थित सिरकटा नाले का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नाले की नियमित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे और क्षेत्र में गंदगी या जलभराव की समस्या न उत्पन्न हो।
महापौर ने कहा कि लखनऊ को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाना उनका संकल्प है और इसके लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के सभी क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखी जाए और कहीं भी लापरवाही न बरती जाए।
