बीसलपुर। कोतवाली देवरिया क्षेत्र के एक गांव से कपड़े सिलवाने के लिए घर से निकली महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी महिला का कोई सुराग नहीं लग सका, जिससे परिजनों में चिंता और हड़कंप का माहौल है। पीड़ित पति ने पुलिस को तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर महिला की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली देवरिया क्षेत्र के गांव मीरपुर रतनपुर निवासी अशोक कुमार की पत्नी मीना देवी (40 वर्ष) 9 मार्च की दोपहर अपने घर से पास के गांव मधवापुर कपड़े सिलवाने के लिए गई थीं। परिजनों के अनुसार वह दोपहर में घर से निकली थीं और शाम तक वापस लौटने की बात कहकर गई थीं, लेकिन देर शाम तक घर न पहुंचने पर परिवार के लोग चिंतित हो गए।इसके बाद परिजनों ने आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां महिला की तलाश शुरू की, लेकिन कहीं भी उसका पता नहीं चल सका। काफी प्रयास के बाद भी जब महिला का कोई सुराग नहीं लगा तो पति अशोक कुमार ने कोतवाली देवरिया पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर पत्नी की गुमशुदगी दर्ज करने की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर महिला की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है और संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है। महिला के परिजन भी लगातार उसकी खोजबीन में जुटे हुए हैं।
