बीसलपुर। बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग स्थित समाजवादी पार्टी महिला सभा के राष्ट्रीय कैंप कार्यालय पर होली मिलन समारोह एवं चैपाई समागम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों से आई चैपाई टोलियों ने पारंपरिक होली गीत गाकर और नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाली सभी चैपाई टोलियों को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव ने कहा कि होली का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और खुशियों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में मेल-मिलाप बढ़ता है और हमारी प्राचीन लोक परंपराओं को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने चैपाई समागम को क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने की एक अच्छी पहल बताया।कार्यक्रम की आयोजक और सपा महिला सभा की राष्ट्रीय महासचिव दिव्या गंगवार ने कहा कि क्षेत्र में आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से हर वर्ष होली मिलन समारोह और चैपाई समागम का आयोजन कराया जाता है। उन्होंने बताया कि इस बार भी खराब मौसम के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों की कई चैपाई टोलियों ने कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में अकबरगंज सिमर, परेवा तुरहा, गौहनिया, हाफिजनगर, बनहा, घुगचयाई, इमलिया, गंगई, इमलियामरौरी, बरखेड़ा, यासीन और भसूड़ा सहित कई गांवों की चैपाई टोलियों ने भाग लिया और पारंपरिक होली गीत प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मेरठ कुर्मी सभा के संरक्षक एवं समाजसेवी संस्था कला ईस फाउंडेशन के संस्थापक चैधरी प्रदीप पटेल ने की।इस अवसर पर पूर्व एमएलसी रिंकू, जिला अध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा, सालिख राम गंगवार, सपा नेता अमित सिंह यादव, अरविंद जासवाल, बाबूराम शर्मा सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन प्रतिभाग करने वाली चैपाई टोलियों को पुरस्कार देकर किया गया। आगंतुकों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। चैपाई समागम सुबह से शुरू होकर रात करीब आठ बजे तक चलता रहा। अंत में आयोजक दिव्या गंगवार ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
