लखनऊ। शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और उससे उत्पन्न हो रही यातायात समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम लखनऊ ने गुरुवार को विभिन्न क्षेत्रों में सघन अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर की गई।
जोन-1 क्षेत्र में जोनल अधिकारी ओपी सिंह के नेतृत्व में पार्क रोड सिविल क्षेत्र से अभियान शुरू किया गया, जो सेवा चिकन, चिड़ियाघर गेट नंबर-1 होते हुए जीपीओ गेट नंबर-1 तक चलाया गया। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से लगाए गए कई अस्थायी ढांचे और सामान हटाए गए। अभियान के दौरान एक ट्रक अवैध सामान जब्त कर नगर निगम के स्टोर में जमा कराया गया।
इसी क्रम में जोन-5 क्षेत्र में भी अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। चारबाग के के.के.सी. क्षेत्र से लेकर नथ्था चैराहे तक सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। इस दौरान ठेला, ठेलिया, खुमचा, गुमटी और काउंटर जैसे अवैध ढांचे हटाए गए। अभियान के दौरान कुल 8 ठेले, 3 गुमटियां और 4 काउंटर हटाए गए। इसके अलावा 1 लोहे की बेंच, 2 गैस सिलेंडर, 2 ठेले और 5 प्लास्टिक के स्टूल जब्त किए गए।
गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5,500 रुपये का शमन शुल्क भी वसूला गया। यह अभियान जोनल अधिकारी जोन-5 विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें कर अधीक्षक सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक पियूष तिवारी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सुभाष चैधरी, प्रवर्तन दल (296) और पुलिस बल शामिल रहे।
वहीं जोन-7 क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में माही मेडिकल से आरएलबी स्कूल के आसपास तथा तकरोही मोड़ तक सड़कों और नालियों के किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए गए। इस दौरान 2 लोहे की गुमटियां, 1 ठेलिया, 2 तराजू और 2 प्लास्टिक की टेबल जब्त की गईं। यह कार्रवाई कर अधीक्षक विनय मौर्या, ईटीएफ टीम और प्रवर्तन दल (296) की मौजूदगी में संपन्न कराई गई।
