लखीमपुर खीरी। सर्वाइकल कैंसर से किशोरियों की सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से जनपद में सिंगल डोज ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान शुरू हो रहा है। इस विशेष टीकाकरण अभियान की शुरुआत जिला महिला चिकित्सालय से की जाएगी जिसके लिए शासन द्वारा 12 हजार वैक्सीन उपलब्ध करा दी गई है।जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ रवि सिंह ने बताया कि सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में गुरुवार को समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात अधीक्षकों और बीपीएम व बीसीपीएम को प्रशिक्षित किया गया है।
एसीएमओ डॉ एसपी मिश्रा ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में होने वाला दूसरा प्रमुख कैंसर है और एचपीवी वैक्सीन के माध्यम से इसे रोका जा सकता है। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन जरूरी है। अभियान का औपचारिक उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा पहले ही किया जा चुका है। जिसके बाद गुरुवार को जिला स्तरीय प्रशिक्षण पूर्ण हो गया है, अब जिला महिला अस्पताल के स्टाफ का प्रशिक्षण किया जाना है इसके बाद जिला महिला अस्पताल से अभियान की शुरुआत हो सकेगी। जैएसआई के स्टेट ट्रेनर डॉ सैय्यद कादरी ने बताया कि सभी किशोरियों गार्डसिल की सिंगल डोज वैक्सीन दी जाएगी जो चार तरह के स्ट्रेन 06, 11, 16, 18 पर काम करेगी। शासन की ओर से जिले को गार्डसिल वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है। अभियान के तहत उन किशोरियों को पात्र माना जाएगा, जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया हो, लेकिन 15 वर्ष की आयु पूरी नहीं की हो। अभियान का लक्ष्य जिले की सभी किशोरियों का टीकाकरण करना है। जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ रवि सिंह ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन अब तक 165 देशों में 50 करोड़ लाभार्थियों को प्रतिरक्षित किया जा चुका है। टीकाकरण पूर्णतः स्वैच्छिक है और और पूरी तरह निशुल्क है साथ ही या पूरी तरह सुरक्षित भी है। टीकाकरण से पहले माता-पिताध्अभिभावक की सहमति अनिवार्य होगी। यू-विन पोर्टल पर अभिभावक स्वयं पंजीकरण कर डिजिटल सहमति दे सकते हैं। यदि इंटरनेट उपलब्ध नहीं है तो लिखित सहमति ली जाएगी और बाद में पोर्टल पर अपलोड कर दी जाएगी। टीकाकरण के लिए आयु सत्यापन हेतु पहचान पत्र अनिवार्य है और टीकाकरण प्रमाणपत्र भी यू-विन पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकेगा। इस दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ प्रमोद वर्मा, डिप्टी सीएमओ डॉ अमितेश द्विवेदी, डिप्टी सीएमओ डॉ अमित सिंह डब्लूएचओ से एसएमओ डॉ विकास सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।टीकाकरण एएनएमध्स्टाफ नर्सध्लेडी हेल्थ विजिटर (एलएचवी) द्वारा किया जायेगा। एचपीवी टीकाकरण पूरी तरह सुरक्षित है। यदि टीका लगने के बाद बुखार, सिरदर्द, मतली या चक्कर आएं तो पैरासिटामॉल की एक गोली दें और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ पिलाएं। इंजेक्शन वाली जगह पर दर्द, सूजन या लालिमा हो तो बर्फ से सिकाई करें। खाली पेट यह टीका नहीं लगाया जाएगा। पहले चरण के बाद शासन के निर्देशानुसार ब्लाक स्तर पर टीकाकरण शुरू किया जाएगा।
