पीलीभीत। जनप्रतिनिधि और जनता के बीच संवाद लोकतंत्र की मजबूती का आधार होता है। इसी उद्देश्य से बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में नियमित रूप से आयोजित हो रहे जनता दर्शन कार्यक्रम ने अब क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बनना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को खमरियापुल स्थित श्री परम अक्रियधाम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बरखेड़ा विधायक और महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं।कार्यक्रम में बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी व्यक्तिगत व सामूहिक समस्याएं रखीं। स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से तत्काल संपर्क किया और समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।इस दौरान विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मरौरी से भी सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचे। ग्रामीणों ने क्षेत्र से जुड़ी सड़क, विकास कार्यों और अन्य स्थानीय समस्याओं को सामने रखा। स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा।जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र से आए संतों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सम्मानित नागरिकों का भी स्वागत किया गया। स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने सभी को रंगों के पर्व होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल विकास कार्य कराना ही नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए तत्पर रहना भी है। इसी भावना के साथ जनता दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, ताकि लोगों को अपनी समस्याएं सीधे रखने का अवसर मिल सके।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे और समस्याओं के समाधान को लेकर संतोष व्यक्त किया।
